नैनीताल। कैंट बोर्ड कई सामाजिक कार्य करने के बाद अब लोगों को स्वच्छ और सस्ता पेयजल उपलब्ध करवाएगा। इसके लिए बोर्ड ने आरओ खरीदा है। जल्द ही इसे भवाली रोड पर स्थापित किया जाएगा। सीईओ ने इसके लिए नगर पालिका से एनओसी मांगी है।
नगर में आने वाले पर्यटकों को 20 रुपये में पीने के पानी की बोतल खरीदनी पड़ती है। इससे पर्यटकों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। कैंट बोर्ड ने एक आरओ खरीदा है। यह आरओ नैनीताल में पहली बार लगेगा। इसकी खास बात यह है कि यह प्रीपेड होगा। दो रुपये का सिक्का डालकर कोई भी इससे पानी ले सकेगा। कैंट बोर्ड के सीईओ अभिषेक राठौर ने बताया कि हमारा प्रयास कम कीमत पर जनता को ज्यादा सुविधाएं देने का है। इसलिए हमने आरओ खरीदा है। इससे पर्यटक और अन्य लोगों को दो रुपये में स्वच्छ जल मिलेगा। पर्यटक आरओ मशीन में सिक्का डाल कर स्वच्छ पेयजल ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि आरओ शुरू करने के लिए पालिका प्रशासन से एनओसी मांगी गई है। एनओसी मिलने के बाद आरओ स्थापित कर दिया जाएगा और पर्यटकों को स्वच्छ जल उपलब्ध हो जाएगा।