नैनीताल। किलबरी के पास रविवार सुबह सड़क हादसे में आर्मी एजूकेशनल कौर पिथौरागढ़ में हवलदार निर्मल सिंह घायल हो गए। उन्हें सड़क पर गिरता देख वहां से गुजर रहे उत्तराखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव शर्मा की नजर पड़ी तो उन्होंने कार रुकवाई और घायल हवलदार को अस्पताल पहुंचाया। अपने सामने उनका प्राथमिक उपचार कराया फिर सिटी स्कैन के लिए अपनी कार से हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भी ले गए।
न्यायमूर्ति शर्मा रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे सैर के लिए निजी कार से किलबरी की ओर गए थे। तभी एमटीबी माउंटेन बाइकिंग के प्रतिभागी वहां पास पहुंचे। टीम में रूपनगर पंजाब निवासी हवलदार निर्मल सिंह (29) पुत्र छतर सिंह भी शामिल थे। वह पंगूट से नैनीताल की ओर आकर सड़क किनारे खड़ी टैक्सी से टकराकर घायल हो गए। न्यायमूर्ति शर्मा कार से उतरकर घायल की मदद को दौड़ पड़े। उन्होंने हवलदार को बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया। डॉक्टरों ने सीटी स्कैन के लिए एसटीएच रेफर किया तो वह अपनी कार से उन्हें हल्द्वानी ले गए। जिला चिकित्सालय में हाईकोर्ट के चिकित्सालय के एलपी ढौडियाल, जिला चिकित्सालय की पीएमएस डॉ. तारा आर्या, डॉ. मोनिका कांडपाल, डॉ. एमएस रावत ने घायल सैनिक का उपचार किया।
साइकिलें आने पर कार सड़क किनारे खड़ी थी
नैनीताल। मल्लीताल कोतवाली के प्रभारी कोतवाल बीसी मासीवाल ने बताया कि कार यूके 01 टीए 0772 अल्मोड़ा के ग्राम बेड़जूला शहर फाटक निवासी राजेंद्र सिंह नयाल की थी। इसे उसका रिश्ते का भाई मेहरोड़ा पट्टी निवासी धाम सिंह दानी चलाता है। घटना के समय टैक्सी साइकिलों की रेस को देखकर सड़क किनारे खड़ी थी। तेज गति की वजह से साइकिल पर नियंत्रण न रख पाने की वजह से साइकिलिस्ट हवलदार ही कार से टकरा गया था। मामले में पुलिस को तहरीर भी नहीं मिली है।