नैनीताल। नगर में पार्किंग बनाने को लेकर शुक्रवार को हाईकोर्ट की ओर से नियुक्त अधिवक्ता मोहन चंद्र पांडे और एडीएम हरबीर सिंह ने कैलाखान समेत तीन जगह निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किंग के लिए उचित जगह देखी गई।
नगर में पार्किंग की समस्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को कोर्ट कमिश्नर, प्रशासनिक अधिकारी, लोनिवि के अधिकारियों ने नारायणनगर में दो जमीनों का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम अशोक टॉकीज पहुंची। यहां गाड़ियों की पार्किंग बनी हुई पाई गई। टीम ने इसे और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करने की बात कही। इसके बाद कैलाखान की जमीन का भी निरीक्षण किया गया। यहां पार्किंग बनने से नगर को काफी हद तक जाम की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा, क्योंकि यह जगह नगर से बाहर है। पर्यटक अपने वाहन यहां खड़े करने के बाद नगर में आ सकते हैं। एडीएम हरबीर सिंह ने बताया कि पार्किंग कहां कहां बनाई जाएगी यह अभी पूरी तरह तय नहीं हो सका है। नगर में छोटी छोटी पार्किंग बनाने का प्रयास चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के जेई महेंद्र कांबोज ने बताया कि नारायणनगर में लगभग 550 गाड़ियों को खड़ा करने की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान लोनिवि के एई पीसी उत्प्रेती, तारा सिंह, जेई अंजू आदि मौजूद रहे।