कॉर्बेट नेशनल पार्क बारिश के दिनों में बंद कर दिया जाता है।
- फोटो : अमरउजाला
रामनगर (नैनीताल)। कार्बेट नेशनल पार्क में घूमने के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया जटिल कर दी गई है। इससे आक्रोशित पर्यटन कारोबारियों ने शुक्रवार को पार्क के स्वागती कक्ष को बंद करा धरना, प्रदर्शन किया। वेबसाइट में सोमवार तक बदलाव न होने पर कारोबारियों ने बुधवार से जिप्सी संचालन ठप करने की चेतावनी दी है।
कार्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) में घूमने के लिए ऑनलाइन बुकिंग करनी होती है। इसमें धांधली रोकने के लिए पिछले माह सीटीआर की वेबसाइट में बदलाव किए गए हैं। इसके तहत बुकिंगकर्ता के सत्यापन के लिए संबंधित पर्यटक के मोबाइल फोन पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) भेजा जा रहा है। इस प्रक्रिया में आ रही बाधा से पर्यटन कारोबारी परेशान हैं। इससे नाराज पर्यटन कारोबारियों ने शुक्रवार को होटल एवं रिसोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि मान के नेतृत्व में नारेबाजी की। पार्क के स्वागती कक्ष को बंद करा सांकेतिक धरना, प्रदर्शन किया। उन्होंने सीटीआर के उपनिदेशक अमित वर्मा से समस्या सुलझाने की मांग की। वर्मा ने इसे शासन स्तर का मामला बताया। कहा कि सोमवार देहरादून में सोमवार को अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विभागीय बैठक होगी। इसमें यह समस्या सुलझाने पर विचार किया जाएगा। इसलिए पर्यटन कारोबारियों ने सोमवार तक धरना स्थगित कर दिया। कहा कि अगर सोमवार तक ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया आसान नहीं हुई तो होटल एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को धरना, प्रदर्शन किया जाएगा। वह अपने होटल, रिसोर्टों में काले झंडे लगाकर भी विरोध करेंगे। बुधवार से कार्बेट पार्क में जिप्सियों का संचालन भी बंद कर देंगे। इस दौरान होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि सिंह मान, मनोज शर्मा, भुवन मित्तल, प्रतीक जिंदल, केपी सिह, अनिरुद्ध लखोटिया, संजय कंसल, पुनीत सचदेवा, मदन जोशी, मोहित डंगवाल, मनीष डाबर, पवन पुरी, हेम चंद्र भट्ट आदि थे।
ऑनलाइन बुकिंग के लिए कार्बेट पार्क की वेबसाइट में बदलाव की मांग
सोमवार तक समाधान न होने पर, बुधवार से जिप्सी संचालन ठप करने की चेतावनी