रामनगर (नैनीताल)। नगर पालिका की ओर से वार्ड नंबर एक की सड़क पर डामरीकरण की शुरुआत में ही सवाल उठने लगे हैं। निर्माण कार्य की घटिया गुणवत्ता से नाराज लोगों ने रविवार को पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर निर्माण कार्य रुकवा दिया।
मोहल्ला भवानीगंज वार्ड नंबर एक स्थित गिहार बस्ती में सड़क बननी है। इसके लिए नगर पालिका ने टेंडर के तहत ठेकेदार को सौंपा है। रविवार सुबह ठेकेदार के श्रमिकों ने निर्माण कार्य शुरू किया। इसमें मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए लोगों ने नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि यह सड़क एक सीजन भी नहीं टिक सकेगी। वहीं पालिका के ईओ मनोज दास ने बताया कि जेई रविंद्र नेगी को मौके पर भेजा गया है। आरोप की जांच कराई जाएगी। गलती मिलने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में मन्नू ठाकुर, उमेश चंद्र सागर, संजय सागर, मुकेश शर्मा, सुधीर उपाध्याय, अंकित शर्मा, अमन चंद्रा, विपिन आर्य, नकुल कश्यप, शीलू डोगरा, बबलू पाल, चंद्रमोहन पाल आदि थे।