रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं पिछले माह समाप्त हो गई थीं। पिछले सप्ताह हाइस्कूल, इंटर की उत्तरपुस्तिकाओं को प्रदेशभर में बने 30 मूल्यांकन केंद्रों में पहुंचाया गया। जहां रविवार से कॉपियों की चेकिंग शुरू हो गई है। इसमें करीब पांच हजार शिक्षक 15 अप्रैल तक करीब 17 लाख उत्तर पुस्तिकाओं को जांचेंगे। बोर्ड के संयुक्त सचिव बृजमोहन सिंह रावत ने बताया कि रविवार को पहले दिन 85 प्रतिशत शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज की गई। सबसे पहले उपप्रधान परीक्षकों ने मॉडल के रूप में कुछ कापियां जांच कर परीक्षकों को दिखाया। उम्मीद है कि सोमवार से शत प्रतिशत उपस्थिति होने पर मूल्यांकन कार्य जोर पकड़ेगा।