बाजपुर। तीन महीने से वेतन न मिलने से गुस्साए शुगर मिल कर्मचारियों ने हंगामा कर धरना दिया। बता दें कि चीनी मिल पेराई सत्र शुरू हुए चार महीने हो गए हैं। इसमें जनवरी, फरवरी और मार्च का वेतन, एरियर, ग्रेच्यूटी इत्यादि का भुगतान नहीं मिला है। मिल महाप्रबंधक को कई बार ज्ञापन सहित अन्य माध्यम से अवगत कराने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। कर्मचारियों के आंदोलन को पूर्व पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते सहित अन्य संगठन समर्थन कर चुके हैं।
शनिवार को संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले कर्मचारी एकत्र होकर मिल प्रशासनिक कार्यालय के सामने पहुंचकर धरने पर बैठ गए। श्रमिक नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार और मिल प्रशासन को कर्मचारियों की दिक्कतों को देखना चाहिए। जल्द ही वेतन न मिला तो आंदोलन उग्र किया जाएगा। वहां पर निरंजन सिंह, नरेश, कश्मीर सिंह, वीरेंद्र, रामदास, राजकिशोर, नासिर, राजेंद्र, विशेष, गुरमीत सिंह, धर्म सिंह आदि थे। इधर, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर समाधान का आश्वासन दिया है।