नैनीताल। वेंडर जोन की स्थापना को लेकर एडीएम हरबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पांच स्थानों के निरीक्षण का फैसला लिया गया। जल्द ही कमेटी इन स्थानों का निरीक्षण कर फैसला कर सकती है।
वेंडर जोन स्थापना को लेकर सोमवार को नगर पालिका सभागार में फड़ व्यवसायियों समेत विभिन्न संगठनों के सदस्यों के साथ हुई। जिसमें वेंडर जोन को लेकर चर्चा की गई। साथ ही वेंडर जोन कमेटी के गठन पर भी विचार किया गया। बैठक में वेंडर जोन के लिए दस स्थान सुझाए गए। जिनमें से पांच स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किए जाने पर सहमति बनी। अन्य पांच स्थानों पर वेंडर जोन की स्थापना को खारिज कर दिया गया। एडीएम हरबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में मस्जिद चौराहे से पर्दाधारा तक नाले के ऊपर लिंटर डाल कर वेंडर जोन बनाए जाने के लिए पहला स्थान चिन्हित किया गया। इसी तरह मल्लीताल स्थित पुराने लकड़ी ताल के आगे पाथवे स्थल, अम्मा भोजनालय से न्यू क्लब के पाथवे, तल्लीताल पिछाड़ी बाजार के बगल में हल्द्वानी रोड के ऊपर रिक्त भूमि और बारापत्थर में घोड़ा स्टैंड की जगह को चिन्हित किया गया। बैठक में जल्द ही इन क्षेत्रों का निरीक्षण करने पर सहमति बनी। इसके अलावा वेंडर जोन कमेटी के गठन पर भी चर्चा की गई। जिसमें प्रशासनिक, पुलिस, प्राधिकरण, व्यापार मंडल, अंजुमन इस्लामिया, भोटिया समुदाय, गुरुद्वारा कमेटी, स्वयं सेवी संस्थाओं को शामिल किए जाने पर सहमति बनी। बैठक में एएसपी हरीश्चंद्र सती, ईओ रोहिताश शर्मा, टीआई अनुपमा भट्ट, शिवराज नेगी, किशन नेगी, भुवन लाल साह, कमलेश ढौंढियाल, केएल आर्या, जमीर अहमद आदि मौजूद रहे।