नैनीताल। नवागंतुक डीएम विनोद कुमार सुमन ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि जिले में तमाम समस्याएं हैं, इन्हें जूझकर पार करना है। ‘सबका साथ सबका विकास’ वाले फार्मूले पर चलते हुए शासन की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
डीएम सुमन ने चार्ज लेने के बाद सोमवार को कलक्ट्रेट में पत्रकार वार्ता की। कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है और कई विभागों के पास अभी बजट शेष है। ऐसे विभागों के साथ बैठक कर बजट खर्च किया जाएगा। कुछ विभागों को पैसा काफी देर से मिला है। ऐसे विभागों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि नैनी झील का घटता जलस्तर, पार्किंग, शहर में कुत्तों का आतंक, जाम, किसानों की समस्याएं, पलायन, डॉक्टरों की कमी, स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता, पेयजल की उपलब्धता, बारिश के पानी का संरक्षण, अतिक्रमण संबंधी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
प्रमाण पत्र समय से बनाए जाएं
डीएम ने कहा कि जिले में आय, जाति, निवास, चरित्र आदि प्रमाण पत्र बनाए जाने की गति काफी अच्छी है। पिछले दिनों आए आवेदनों में से जिले भर में सिर्फ 400 आवेदन ही लंबित रह गए हैं, शेष सभी का निराकरण हो चुका है। समाज कल्याण विभाग की योजनाओं पर फोकस किया जाएगा।
खनन की है बारीकी से जानकारी
डीएम ने कहा कि निदेशालय में उन्होंने खनन विभाग का काम देखा है। उन्हें खनन की बारीकी से जानकारी है। जिले में अवैध खनन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। उचित दामों पर खनन पट्टे दिए जाएंगे।