रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद से संबद्ध कॉलेजों में बृहस्पतिवार को इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा हुई। इसमें तीन परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़े गए। बोर्ड मुख्यालय के अनुसार बृहस्पतिवार को किसान इंटर कॉलेज भैवलपुर हरिद्वार में व्यक्तिगत, गुरुनानक इंटर कॉलेज नानकमत्ता ऊधमसिंह नगर में संस्थागत वर्ग के एक-एक छात्र को, दिगालीचौड़ हाइस्कूल चंपावत में संस्थागत छात्रा को नकल करते पकड़ा गया।
इसके साथ ही प्रदेश में कुल नकलचियों की संख्या आठ हो गई है। इनमें इंटरमीडिएट के पांच, हाइस्कूल के तीन नकलची शामिल हैं। बृहस्पतिवार को हरिद्वार में 649, ऊधमसिंह नगर में 511, देहरादून में 231, नैनीताल में 129, पौड़ी में 119, टिहरी में 101,अल्मोड़ा में 99, पिथौरागढ़ में 96, चमोली में 88, उत्तरकाशी में 66, चंपावत में 39, रुद्रप्रयाग में 36 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।