रामनगर (नैनीताल)। डीएम की अनुपस्थिति के कारण पिछली बार स्थगित बीडीसी बैठक बृहस्पतिवार को सीडीओ प्रकाश चंद्र की मौजूदगी में हुई। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों ने 64 से अधिक समस्याएं दर्ज कराईं। सीडीओ ने विभागीय अधिकारियों से लंबित समस्याओं का निस्तारण जल्द करवाने को कहा। अन्यथा विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।
विकासखंड सभागार में हुई बैठक में ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी ने मालधनचौड़ क्षेत्र को जसपुर विद्युत वितरण खंड से हटाकर रामनगर विद्युत खंड से जोड़ने, नया लालढांग को राजस्व गांव बनाने, चोरपानी में सड़क किनारे नाली बनवाने को कहा। पंचायत प्रतिनिधियों ने कानिया में खंडहर बनी पटवारी चौकी ग्राम सभा को सौंपने, टेड़ा गांव में सामुदायिक भवन, पंचायत भवन के मरम्मत की मांग की। सक्खनपुर क्षेत्र के पुराने बिजली के पोल बदलने, शिवलालपुर पांडे में नलकूप लगाने, ढेला नदी में हो रहा कटान रोकने की मांग की। डीडीओ रमा गोस्वामी, बीडीओ धनेश्वरी बसनाल, परियोजना निदेशक बालकृष्ण टम्टा, जल संस्थान के पीके त्यागी, खाद्य विभाग के जीएस बिष्ट, लोनिवि के जगमोहन सिंह ने विभागीय योजनाएं बताईं। इस दौरान तहसीलदार प्रियंका रानी, ज्येष्ठ उपप्रमुख आनंद रावत, ग्राम प्रधान महेश सिंह, बसंती देवी, पूजा देवी, जसवंत सिंह, सोबन सिंह, सीताराम, माया देवी सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य पूनम, ख्यालीराम, विजय खुल्बे, संजय कुमार, शशि, नीमा देवी, विजय खुल्बे, संजय कुमार, त्रिलोक सिंह आदि थे।