रामनगर (नैनीताल)। आंखों के ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरते जाने पर एक नेत्र संस्थान के डॉक्टरों और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई को लेकर लोगों ने तहसील परिसर में भूख हड़ताल शुरू कर दी है। देवभूमि विकास मंच के बैनर तले पीड़ितों को न्याय और मुआवजा दिलाने को लेकर पीड़ितों, मंच के संयोजक मनमोहन अग्रवाल, राज्य आंदोलनकारी हाफिज सईद अहमद, मो. नईम ने शुक्रवार को तहसील परिसर में 24 घंटे की भूख हड़ताल शुरू कर धरना दिया। पिछले साल 13 सितंबर को तीन मरीजों रमेश जोशी, पूरन सिंह अधिकारी, शाहिदा खातून की आंखों का ऑपरेशन सफल न होने पर उनका अस्पताल की दिल्ली स्थित शाखा में दोबारा ऑपरेशन कराया गया। एक महीने अस्पताल में भर्ती रहने पर भी उनके आंखों की रोशनी ठीक नहीं हुई। कार्रवाई की मांग को लेकर मंच ने मुख्यंमत्री को भी ज्ञापन भेजा है। इस दौरान ललित उप्रेती, मुनीष कुमार, चारु तिवारी, जयपाल रावत, शीला शर्मा, सरस्वती जोशी, गोपाल असनोड़ा, पीसी जोशी आदि थे।