रामनगर में तहसीलदार से मांगी मूलभूत सुविधाएं
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर (नैनीताल)। टोंगिया ग्राम विकास समिति के बैनर तले एकजुट वनग्रामों के लोगों ने बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने तहसीलदार प्रियंका रानी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें उन्होंने मांग पूरी न होने पर सामूहिक रूप से आत्मदाह की चेतावनी दी। समिति के अध्यक्ष महेश चंद्र, सचिव अमित कुमार के नेतृत्व में एकजुट ग्रामीणों ने जोरदार नारेबाजी की। कहा कि ग्राम रामपुर, लेटी, चोपड़ा के मजदूरों ने 1945-46 तक कोटा रेंज रामनगर वन प्रभाग की वन भूमि में पौधरोपण किया। इसी कारण वन विभाग ने उन्हें वन भूमि आवंटित की थी। आजादी के बाद इन गांवों को भलौन, पाटकोट ग्राम पंचायत में शामिल किया गया। तब नहर, पेयजल, स्कूल, पनचक्की आदि का निर्माण किया गया लेकिन बाद में उन्हें पंचायत राज से बाहर कर दिया गया। ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर शासन को कई बार अवगत कराया लेकिन उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं। इस दौरान ध्यानी राम, पनी राम, आनंद सिंह, अमित कुमार, खुशाल चंद्र, भुवन चंद्र, भुवन टम्टा, बसंती देवी, पनुली देवी, राजुली देवी आदि थे।