रामनगर (नैनीताल)। नेशनल हाइवे 121 पर चिह्नित अतिक्रमणकारियों की मांग पर प्रशासन ने शनिवार को दोबारा सीमांकन किया। सोमवार तक खुद अतिक्रमण न हटाने पर प्रशासन ने मंगलवार को जेसीबी चलाने की चेतावनी दी है।
जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने नेशनल हाइवे विभाग को नगर के रानीखेत रोड, भवानीगंज, शिवलालपुर आदि क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके इसके अनुपालन में विभाग, प्रशासन ने 275 अतिक्रमणकारियों को चिह्नित कर उन्हें अंतिम नोटिस दिए थे। आरोपियों में शामिल कुछ लोगों ने तहसीलदार प्रियंका रानी से दोबारा सीमांकन की मांग की थी। उन्होंने पुराने सर्वे को गलत बताया था। उनके शंका समाधान के लिए शनिवार को शिवलालपुर क्षेत्र में दोबारा सीमांकन किया गया, जहां पर कुछ स्थानों पर पूर्व का सीमांकन ठीक मिला तो कुछ स्थानों पर सीमांकन में गलती भी मिली। पुन: सीमांकन कर टीम ने सर्वे रिपोर्ट बनाने का काम शुरू कर दिया है। सोमवार को रिपोर्ट तहसीलदार को सौंपी जाएगी। इस दौरान राजस्व निरीक्षक आरिफ हुसैन, एनएच के जेई वीसी मुरारी, एबी सिंह के साथ ही चिन्हीकरण की जद में आए अतिक्रमणकारी भी मौजूद रहे।