रामनगर (नैनीताल)। कार्बेट फाउंडेशन ढिकु़ली की ओर से शुक्रवार को नम भूमि दिवस मनाया गया। इसके तहत स्कूली छात्र-छात्राओं, जनमानस के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के उपनिदेशक डॉ. हरेंद्र सिंह बर्गली ने बताया कि इसका उद्देश्य स्थानीय सहयोग, सहभागिता, सार्वजनिक शिक्षा के माध्यम से नम भूमि क्षेत्रों, उनके आसपास मिलने वाले संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने जल संरक्षण, जलीय स्रोतों के पुनर्जीवीकरण, जलवायु परिवर्तन के पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ते प्रभाव पर चर्चा की। डॉ. दीपा बिष्ट ने नम भूमि के वार्षिक विषय में नगरों के आसपास वाले नम भूमि क्षेत्रों, स्थानीय अतिक्रमण से विघटित होते नम भूमि क्षेत्रों के जीर्णोद्धार, संरक्षण का आह्वान किया। छात्र-छात्राओं की चित्रकला प्रतियोगिता भी हुई। इसमें डीडी छिम्वाल, बीडीजेएम, सरस्वती शिशु मंदिर, गुरुनानक पब्लिक स्कूल, राजकीय हाइस्कूल टेड़ा के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान नम भूमि पोस्टर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में सूरज लाल, मिथिलेश्वर आनंद, हिमांशु, मनोज, चंद्रशेखर सुयाल, कुबेर, इद्रीश, यासीन आदि मौजूद रहे।