बिदुंखत्ता (नैनीताल)। ग्रामीणों ने बरसात में गौला नदी से होने वाले भू कटाव को रोकने के लिए हाथी कोरीडोर क्षेत्र में चैनल बनाए जाने और गौला नदी के किनारे तटबंध निर्माण की मांग की। स्थानीय तहसील में पहुंचे दर्जनों ग्रामीणों ने तहसील के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गोपाल सिंह अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
बताया कि गौला नदी के किनारे इंदिरानगर, संजयनगर, रावतनगर और खुरियांखत्ता समेत आधा दर्जन से अधिक गांव बसे हैं। बरसात के समय गौला नदी से होने वाले भू कटाव के चलते उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विभिन्न मांगों समेत गौला नदी किनारे मजबूत तटबंध बनाने को कहा है। वहां गिरीश चंद्र जोशी, बहादुर सिंह मेहरा, भगवान सिंह माजिला, जगत सिंह शाही, हेमचंद्र, केशवदत्त पोखरिया, टीका गिरी आदि शामिल थे। इधर, क्षेत्रीय विधायक नवीन दुम्का ने कहा कि गौला नदी में तटबंध निर्माण के लिए टेंडर हो चुके है। जल्द तटबंधों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।