नैनीताल। प्राणी उद्यान को सिंगापुर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। जल्द ही यहां नाइट सफारी शुरू की जाएगी और कंडी मार्ग को ग्रीन मार्ग की तरह बनाया जाएगा। यह घोषणा 26 जनवरी की परेड के बाद डीएसए मैदान में वन मंत्री हरक सिंह रावत ने की। उन्होंने बताया कि प्राणी उद्यान में नाइट सफारी के लिए सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए इस कार्य को जिला योजना से करवाने का फैसला किया है। कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाले कंडी मार्ग के लिए करार हो चुका है और यह प्रदेश की पहली ग्रीन रोड होगी। लालढांग से कोटद्वार के बीच कंडी मार्ग के निर्माण को सरकार ने शासनादेश जारी कर दिया है। लालढांग से चिल्लरखाल तक तीन किमी रोड निर्माण के लिए निविदा जारी की जा चुकी है। इसका कार्य हाइकोर्ट से स्टे मिलने के कारण रुका हुआ है। सरकार शीघ्र ही कोर्ट में अपना पक्ष रखेगी। जबकि दूसरे चरण में कोटद्वार से कालागढ़ व तीसरे चरण में कालागढ़ से रामनगर के बीच रोड का निर्माण किया जाएगा। नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन, एनबीसीसी को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए मार्ग में सर्विलांस सिस्टम लगाया जाएगा।