गरुड़ (बागेश्वर)। कौसानी में बृहस्पतिवार को हुई कार दुर्घटना के तीसरे मृतक की शिनाख्त उसके परिजनों ने कर ली है।
कौसानी चाय फैक्ट्री के पास अटगाड़ नाले में बृहस्पतिवार देर रात दो सौ मीटर गहरी खाई में कार गिरने से कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पांच घंटे के रेस्क्यू के बाद शवों को कार से निकाला गया था।
तीसरे शव की शिनाख्त 30 वर्षीय हुसैन अली पुत्र शौकत अली निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में की गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया। कौसानी थानाध्यक्ष एसएस नयाल के अनुसार कार सवार तीनों लोग 24 जनवरी को हिमपात देखने कौसानी पहुंचे थे। पुलिस ने बताया कि इनमें से एक मृतक होंग किल किम पूर्व में कोरियाई नागरिक था, जिसने बाद में भारतीय नागरिकता ले ली थी।