नैनीताल। नगर पालिका ने अमृत योजना के तहत नगर के हर वार्ड को रोशन करने का बीड़ा उठाया है। इसी के तहत गाजियाबाद (यूपी) की इको ड्राइव पावर सॉल्यूशन कंपनी ने अनुबंध के तहत एलईडी लाइटें लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। इसके तहत नगर में 2500 लाइटें लगाई जानी हैं। इनमें से 500 नगर में पहुंच गई हैं, जबकि 70 लाइटें लगाई जा चुकी हैं। पालिका की ओर से गाजियाबाद की कंपनी से आगामी 10 वर्षों के लिए मेंटिनेंस तक का करार किया है। एलईडी लाइटें लगाने के एवज में पालिका प्रबंधन बिजली के बिल के रूप में जमा की जाने वाली राशि कंपनी को देगी। इससे कंपनी बिजली के बिल अदा करेगी। बचत में से भी 20 फीसदी पालिका को देगी। संस्था के डायरेक्टर मार्केटिंग शरद जादौन ने बताया कि पालिका से उन्हें इसके लिए छह माह का समय दिया गया है। नवंबर 17 में हुए करार के बाद उन्होंने लाइटें लगानी शुरू कर दी हैं। फरवरी तक पूरी लाइटें लगा ली जाएंगी। ईओ रोहिताश शर्मा के मुताबिक इस करार के बाद पालिका को प्रतिवर्ष 80 लाख रुपये की सीधी बचत होगी। इसके 24 घंटे के अंदर कंपनी को खराब लाइटें बदलनी होंगी। ऐसा न करने पर अनुबंध निरस्त किया जा सकता है। शर्मा ने नगर के सुंदरीकरण, स्वच्छता के लिए सामूहिक प्रयास को भी जरूरी बताया।