गरुड़ (बागेश्वर)। आर्थिक तंगी से परेशान व्यापारी प्रेम राम (55) का हृदय गति रुकने से निधन हो गया है। हृदय गति रुकने से पहले एसबीआई गरुड़ की एक टीम बैंक कर्ज अदा करने व्यापारी के घर पहुंची थी।
कनिष्ठ प्रमुख प्रकाश कोहली और मृतक की पत्नी हरुली देवी ने बताया कि नोटबंदी के बाद मृतक प्रेम राम ब्रेकरी का कारोबार ठप हो गया था, जिसके चलते वह बैंक के ऋण की किस्त बराबर जमा नहीं कर पाया। एसबीआई गरुड़ के शाखा प्रबंधक ने बताया कि प्रेम राम बैंक का करीब पांच लाख रुपये का देनदार था। बैंक की एक टीम बारह जनवरी को प्रेम राम के घर पचना गई थी। तब प्रेम राम ने बैंक की टीम को भरोसा दिलाया था कि वह अगले माह से बैंक की किस्त बराबर जमा करेगा। बैंक कर्मियों के लौटने के एक घंटे बाद उसे दिल का दौरा पड़ गया। उपचार के लिए हल्द्वानी ले जाने के दौरान प्रेम ने सोमेश्वर में दम तोड़ दिया। ब्लॉक प्रमुख भरत फर्स्वाण ने शासन से मामले की गहराई से जांच कर मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है।