गरुड़ (बागेश्वर)। व्यापार संघ की नगर इकाई ने गरुड़ और गोमती नदी में कूड़ा डालने और शौच करने पर एकदम पाबंदी लगा दी है। नदियों में कूड़ा डालने और शौच करते कोई व्यक्ति पाया गया तो उसे पहली बार सौ रुपये का आर्थिक दंड वसूला जाएगा।
व्यापार संघ के नगर अध्यक्ष अखिल जोशी ने बताया कि गरुड़ और गोमती नदी का पानी टेप कर जल निगम, जल संस्थान और स्वजल ने अधिकांश योजनाओं का निर्माण किया है। व्यापार संघ अध्यक्ष ने भवन स्वामियों से अपने किरायेदारों के लिए शौचालय का निर्माण करने को कहा।
बगैर शौचालय के मकान किराए पर देने वाले मकान मालिकों को व्यापार संघ शीघ्र चिन्हित करेगी। व्यापार संघ अध्यक्ष ने बताया कि नदियों में पहली बार शौच और कूड़ा डालते पाए जाने वाले व्यक्ति पर सौ रुपये, वहीं दूसरी बार में ढाई सौ और तीसरी बार में कानूूनी कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष को लिखा जाएगा।