नैनीताल। भीमताल के गांव आणू/आडू पट्टी में जल्द हेलीपोर्ट बनने की उम्मीद बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने शासन को संशोधित प्रस्ताव भेजकर वहां हेलीपैड/हेलीपोर्ट/हेलीड्रोम की जरूरत बताई है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो अगले साल भीमताल से उड़ान भरी जा सकेगी।
डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने पिछले साल शासन आणु पट्टी गांव में स्थित औद्योगिक विकास निगम सिडकुल की जमीन पर हेलीपैड की जरूरत जताई थी। प्रस्ताव शासन में पहुंचा तो कसौटी पर खरा नहीं उतर सका। ऐसे में हेलीड्रोम का निर्माण शुरू नहीं किया जा सका है। अब इस प्रस्ताव को दोबारा से बनाया गया है। जिला प्रशासन ने इस प्रस्ताव में सभी बिंदुओं को कवर किया है। प्रस्ताव में बताया गया है कि वह जगह विकास भवन भीमताल के पास स्थित है। आपातकाल, राहत कार्य, पर्यटन की दृष्टि से यहां हेलीड्रोम का निर्माण कराया जाना जरूरी है। कई विभागों की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार इसमें वनभूमि हस्तांतरण की जरूरत नहीं है। दक्षिणी दिशा में बना पानी का ओवरहेड टैंक दूसरी जगह बनाया जा सकता है। इसी तरह 14 स्ट्रीट लाइट के पोल, एलटी, एचटी लाइनें, ट्रांसफार्मर, कुछ वृक्षों को हटाना भी उचित होगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि यहां से पहले भी हेलीकॉप्टरों का संचालन होता रहा है। जिला प्रशासन की ओर से एक बार फिर से प्रस्ताव शासन में पहुंचने से हेलीड्रम का निर्माण यहां जल्द शुरू होने की उम्मीद पहले से बढ़ गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले साल यहां से उड़ान भरी जा सकेगी।
भीमताल में हेलीपोर्ट बनने की उम्मीद
जिला प्रशासन ने सचिव पर्यटन को भेजा संशोधित प्रस्ताव
हेलीपैड/हेलीपोर्ट/हेलीड्रोम की जरूरत बताई