हल्द्वानी। डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज में 18-19 दिसंबर को 19 डॉक्टरों का संकट होगा। शासन ने श्रीदेव सुमन भारती मेडिकल कालेज देहरादून के निरीक्षण के लिए इन डॉक्टरों को भेजने का फैसला किया है। इनमें सर्जन, नवजात शिशु, नाक कान गला रोग विभाग के चिकित्सक शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार देहरादून के श्रीदेव सुमन भारती मेडिकल कॉलेज के तीसरे नवीनीकरण के लिए एम्स के चिकित्सकों से निरीक्षण कराना है। इसी क्रम में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के मानकों के अनुसार कॉलेज की मौजूदा हालात पर एक गैप एनालिसिस रिपोर्ट तैयार की जानी है। इस रिपोर्ट को तैयार करने के लिए सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी, दून मेडिकल कॉलेज देहरादून, श्रीनगर मेडिकल कालेज से 21 डॉक्टरों और चार अन्य स्टाफ की टीम बनाई गई है। यह टीम 18-19 दिसंबर तक श्रीदेव सुमन भारती कालेज में निरीक्षण कर गैप एनालिसिस रिपोर्ट तैयार करेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर नवीनीकरण की कार्यवाही बढ़ाई जाएगी। इधर टीम में 21 में से 19 डॉक्टर और चार अन्य स्टाफ हल्द्वानी मेडिकल कालेज के होंगे। सुशीला तिवारी अस्पताल में कुमाऊं भर के मरीज पहुंचते हैं। एक तो पहले से ही एसटीएच डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है। वहीं ऐसे में 19 प्रमुख विभागों के डॉक्टरों के दो दिनों के लिए चले जाने से अस्पताल में मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
एसटीएच में 18 और 19 को नहीं मिलेंगे डॉक्टर
19 डॉक्टर श्रीदेव सुमन भारती मेडिकल कॉलेज दून का निरीक्षण करने जाएंगे
निरीक्षण में हल्द्वानी के ये डॉक्टर हैं शामिल
डॉ. सीपी भैसोड़ा, डॉ. साधना अवस्थी, डॉ. एके सिंह, डॉ. संगीता सिंह, डॉ. वीके द्विवेदी, डॉ. विनय कुमार, डॉ. उमेश, डॉ. भावना श्रीवास्तव, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. केएस शाही, डॉ. गीता जैन, डॉ. एके आर्य, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. गीता भंडारी, डॉ. पंकज महेश, डॉ. सौरभ अग्रवाल, डॉ. सीएस गोदियाल, डॉ. आरजी नौटियाल, डॉ. जीएस तितियाल,
अन्य स्टाफ से चार है शामिल
इलेक्ट्रिकल, अकाउंट्स एंड फाइनेंस विभागों से पंकज वोरा, रवि पाल, भारत जोशी, शिवराज बिष्ट होंगे
दून और श्रीनगर मेडिकल कालेज के हैं एक-एक प्रोफेसर
दून मेडिकल कालेज की डॉ. उमा बलूनी, श्रीनगर मेडिकल कालेज प्रोफेसर आरएस बिष्ट, दून मेडिकल कालेज से तीन अन्य सदस्यों का स्टाफ भी इस निरीक्षण में शामिल होगा।