हल्द्वानी। नगर निगम का अवैध यूनिपोल और फ्लैक्सी के खिलाफ अभियान जारी है। निगम की टीम ने बुधवार को चार यूनिपोल और 400 फ्लैक्सियों को उखाड़ दिया।
नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया के निर्देश पर निगम की टीम ने बुधवार को नैनीताल रोड के डिवाइडर पर लगे यूनिपोलों के खिलाफ अभियान शुरू किया। टीम ने सबसे पहले जल संस्थान के सामने का यूनिपोल हटाया। यह यूनिपोल भाजपा के एक नेता का बताया जा रहा है। फिर टीम ने डिग्री कालेज के पास अवैध ढंग से लगे यूनिपोल को उखाड़ा। टीम ने इसके बाद मॉल के पास से यूनिपोल को हटाया। आखिरी यूनिपोल सेंट पॉल स्कूल के निकट से उखाड़ा गया। टीम ने सड़क के दोनों ओर अवैध ढंग से लगाए गए 400 से ज्यादा फ्लैक्सी और बैनरों को भी हटाया। ये सभी फ्लैक्सी नेताओं, कंपनियों, शोरूमों के विज्ञापन का प्रचार कर रही थी। टीम अब सभी यूनिपोल मालिकों का पता लगा रही है। सूत्रों की मानें तो यूनिपोल लगाने वालों से रिकवरी भी की जा सकती है। कर निरीक्षक भरत त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को निगम ने चार यूनिपोल और 400 फ्लैक्सियां हटाई हैं।
तीन दिन में नहीं किया अनुबंध तो निविदा होगी निरस्त
हल्द्वानी। नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया यूनिपोल लगाने वाली वाली संस्था से करार नहीं करने पर सख्त हो गए हैं। मर्तोलिया ने बताया कि यूनिपोल लगाने वाली संस्था ने अगले तीन दिनों में पूरा रुपया जमा कर अनुबंध नहीं किया तो निविदा निरस्त की जाएगी। साथ ही यह निविदा दूसरे नंबर की संस्था को दे दी जाएगी।