मिस इंडिया खादी 2017 का खिताब जीतने वाली नैनीताल निवासी खुशबू रावत छह जनवरी को नैनीताल पहुंच रही हैं। समाजसेवी व पूर्व सभासद गोपाल सिंह रावत ने बताया कि खिताब जीतने के बाद पहली बार नैनीताल पहुंच रही खुशबू का नैनीताल में गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खुशबू 6 जनवरी को सुबह 10 बजे तल्लीताल गांधी चौक में पहुंचेंगी। बता दें कि निफ्ट चंडीगढ़ से फैशन डिजायन एंड आर्ट का कोर्स कर रही खुशबू ने दिल्ली के ताज होटल में 30 दिसंबर 2017 को खादी इंडिया की ओर से आयोजित मिस इंडिया खादी 2017 का खिताब जीता था। खुशबू के पिता हीरा सिंह रावत राजकीय वाहन चालक संघ के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं जबकि मां दीपा रावत गृहणी हैं।