कार्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) रामनगर में इसी माह मोबाइल एप के सहारे बाघ गणना होनी है। भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) देहरादून इसकी नोडल एजेंसी है। इसके लिए चुनिंदा मास्टर ट्रेनरों (एमटी) को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व चंपारण बिहार में प्रशिक्षण दिया गया है। इन एमटी समेत डब्ल्यूआईआई के दल ने बृहस्पतिवार को कालागढ़ रेंज के फील्ड कर्मियों को प्रशिक्षण दिया। सीटीआर के निदेशक सुरेंद्र सिंह मेहरा ने बताया कि कालागढ़, लैंसडाउन डिविजन के 41 कर्मचारियों को जंगल में ले जाकर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान डब्ल्यूआईआई के आयन साधू, उपनिदेशक अमित वर्मा, एसडीओ आरके तिवारी आदि थे। शुक्रवार को बिजरानी रेंज में वनकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।