रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत में दो दिवसीय एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए बीईओ एचआर राजन ने अनुशासन और लगन के बल पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उद्घाटन मौके पर जीजीआईसी ताड़ीखेत के बच्चों ने शानदार रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। आठ सौ मीटर दौड़ में जीआईसी देवलीखेत के ललित बिष्ट पहले, जीआईसी भुजान के पंकज कनवाल दूसरे, जूनियर वर्ग में इंटर कालेज खिरखेत के दिपांशु तिवारी पहले, जीआईसी चौमूधार के हिमांशु बिष्ट दूसरे स्थान पर रहे।
सीनियर बालिका वर्ग की दौड़ में जीआईसी नौगांव की महिमा पहले, जीआईसी लोधियाखान की कमला बिष्ट दूसरे स्थान पर रहीं। विशिष्ट अतिथि जीजीआईसी रानीखेत की प्रधानाचार्या नीलम नेगी ने कहा कि खेलों के माध्यम से भी बच्चे कॅरिअर संवार सकते हैं, लेकिन अनुशासन और मेहनत को तरजीह देनी होगी।
संयोजक जीआईसी ताड़ीखेत के प्रधानाचार्य रोशन लाल टम्टा ने भी विचार रखे और प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। सह संयोजक जीजीआईसी ताड़ीखेत की प्रधानाचार्या डा. भारती नारायण भट्ट ने भी समारोह को संबोधित किया। इस दौरान जीजीआईसी की छात्राओं ने शानदार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक संयोजक डा. शिवराज बिष्ट ने भी प्रतियोगिता की रूपरेखा बताई। संचालन मिथिलेश्वर सिंह और राजेंद्र सिंह ने किया। प्रतियोगिता को चंदन मेहरा, गेंदन लाल, चंद्र राम, मानस शाह, अजय चंद, राजीव खाती, गीता शर्मा, कविता शर्मा आदि ने भी सहयोग किया।