नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार नौड़ियाल ने रविवार को नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के चार परीक्षा केंद्रों में चल रही पहले और तीसरे तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों में कोई खामी नहीं मिलीं। निरीक्षण के बाद लौटे कुलपति प्रो. नौड़ियाल ने बताया कि सुबह के सत्र में महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी और एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी का निरीक्षण किया। महिला कॉलेज में 145 परीक्षार्थी जबकि एमबीपीजी कॉलेज में 985 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। सायंकालीन सत्र में एलबीएस कॉलेज हल्दूचौड़ और सूरजमल कन्या डिग्री कॉलेज किच्छा का निरीक्षण किया। एलबीएस में 130 बच्चे और किच्छा में 142 परीक्षार्थी परीक्षा देते पाए गए। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण चल रही थीं।