हल्द्वानी। प्रभु यीशु के जन्म के साथ ही रविवार की मध्य रात नगर में गिरजाघरों के घंटे गूंज उठे। ईसाई समाज ने विशेष प्रार्थना सभा की। साथ ही केक काटकर एक दूसरे को बधाइयां दी। आतिशबाजी भी की गई। घरों में क्रिसमस-ट्री भी सजाया गया था। ईसाई समुदाय के लोग रविवार को त्योहार की तैयारी में लगे रहे। इस दौरान उन्होंने कैंडल जलाकर प्रभु यीशु की प्रार्थना की। साथ ही उनके जन्म की झांकी भी सजाई। काठगोदाम स्थित कैथोलिक चर्च में कैरल गायन, बलिदान, मध्य रात्रि 12 बजे केक काटा गया। फादर रॉयल एंथनी, फादर हेनरी ने प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगों को प्रेम भाव, शांति का संदेश दिया। मैथोडिस्ट चर्च में शाम पांच बजे से समुदाय के लोग चर्च में जुटना शुरू हुए। वहां प्रार्थना सभा हुई। बच्चों ने सांता क्लॉज बनकर टॉफी, चॉकलेट बांटे। पास्टर इंचार्ज अमित लाल ने बताया कि 25 दिसंबर को सामूहिक रूप से केक काटा जाएगा।
नैनीताल में मैथोडिस्ट चर्च में काटा गया केक
नैनीताल। माल रोड स्थित मैथोडिस्ट चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। केक कटिंग सेरेमनी के साथ ही संडे स्कूल के बच्चों ने प्रभु यीशु मसीह के जन्म समेत उनके संपूर्ण जीवन पर आधारित नाटक का मंचन किया गया। चर्च के मुख्य पादरी आशुतोष दानी ने विधायक संजीव आर्य को सम्मानित किया। वहां चर्च के सहायक पादरी राजेंद्र लाल, नीलम दानी, रेविका लाल, एस लाल, आरके लाल, जॉनी, बॉबी, सोनी, शेफाली, अविरल, अनमोल, अलिशा, रोशनी, अश्विनी, ज्योति, महिमा, पुनीता सनवाल, सरोज हर्ष, भाजपा नेता गोपाल सिंह रावत, विमल चौधरी, संजय वर्मा आदि मौजूद रहे। माल रोड स्थित कैथोलिक चर्च में विशेष रूप से बनाई गई चरनी आकर्षण का केंद्र बनी रही। सेंट मेरीज कॉन्वेंट की कक्षा पांच की छात्रा निहारिका, पादरी रवि कुमार ने प्रभु यीशु मसीह के जन्म का वृत्तांत सुनाया। इस दौरान विशेष प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया। सेंट फ्रांसिस, सेंट जोन्स चर्च में भी विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं।