केलाखेड़ा। सर्वधर्म विवाह समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को काले झंडे दिखाने जा रहे बस में सवार 22 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर लेवड़ा नदी पर स्थित हाइवे पुल के पास पकड़ लिया।
उन्हें पुलिस लाइन रुद्रपुर भेज दिया। इसके बाद कांग्रेसी प्रीत ग्रोवर, सिद्धार्थ, मनु, उदय वर्मा सहित चार कांग्रेसी कॉलेज परिसर में घुस गए। जिन्हें पुलिस ने बमुश्किल गिरफ्तार कर एक कमरे में बंद कर दिया। बताते हैं कि कॉलेज परिसर के अंदर घुसे कांग्रेसी नेता प्रीत अपने तीन साथियों साथ काले झंडे दिखाते हुए कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे। इन्हें देखकर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए।
पुलिस अधिकारियों ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस से तीखी झड़प हो गई। एएसपी डॉ. जगदीश चंद ने बताया कि 22 कार्यकर्ताओं को लेवड़ा नदी पुल के पास पकड़ा गया। कॉलेज में घुसकर नारेबाजी कर काले झंडे दिखाने वाले प्रीत सहित चार कार्यकर्ताओं का 107/116 के तहत चालान कर एसडीएम के समक्ष पेश किया गया।