नैनीताल। सरोवर नगरी में पार्किग की व्यवस्था को बेहतर, सुविधाजनक बनाने के विशेष मकसद से नगर के दो पार्किंग स्थलों डीएसए, मेट्रोपोल पार्किंग में जनवरी के पहले हफ्ते में बूम बैरियर स्थापित कर दिए जाएंगे। शुक्रवार को बाकायदा नगर पालिका के ईओ रोहिताश शर्मा द्वारा पालिका टीम के साथ दोनों स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर बूम बैरियर लगाने वाले स्थलों की नापजोख की। ईओ शर्मा ने बताया कि सात लाख 96 हजार की लागत से चार बूम बैरियर स्थापित किए जाएंगे जिसमें दो डीएसए, दो मेट्रोपोल में स्थापित होंगे। उन्होंने बताया जिस कंपनी (क्लाइट इंजीनियरिंग सिविल लाइंस बरेली) से पालिका का करार हुआ है वह दो वर्षों तक इन बूम बैरियरों का रखरखाव भी करेगी। शर्मा ने बताया कि हाइकोर्ट के निर्देश पर सरोवरनगरी में यातायात, पार्किंग सुविधा को व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन स्तर पर कवायद की जा रही है। उन्होंने बताया कि दूरदराज में स्थित सैलानियों को नैनीताल की पार्किंग की जानकारी हो सके इसके लिए एप भी बनाया गया है जो कि काम करने लगा है। शर्मा ने सभी सहयोग भी मांगा है। उन्होंने विशेष रूप से क्रिसमस, नववर्ष पर सभी से वाहनों को पार्किंग में खड़ा करने, सरोवर नगरी को साफ रखने के मकसद से कूड़ा कूडे़दान में डालने की गुजारिश की है।
7.96 लाख की लागत से लगेंगे चार बूम बैरियर
ईओ ने किया दोनों पार्किंग स्थलों का निरीक्षण