रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद अगले वर्ष की हाइस्कूल, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारियां जोरों में जुटा है। परीक्षाओं की तिथि के लिए बोर्ड अधिकारियों की मुख्य चुनाव अधिकारी से चर्चा हो चुकी है। अगले साल का अवकाश कलेंडर भी शुक्रवार को बोर्ड कार्यालय पहुंच गया। अब 22 दिसंबर को बोर्ड कार्यालय में प्रस्तावित बैठक में परीक्षा कार्यक्रम तय होगा। इसमें 3.5 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होने हैं। बोर्ड के अपर सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि प्रस्तावित बैठक में सचिव, अपर सचिव, संयुक्त सचिव, परीक्षा समिति के सचिव शामिल होंगे। सिमल्टी ने बताया कि 13 दिसंबर को बोर्ड सभापति आरके कुंवर की मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ बैठक हुई। इसमें निकाय चुनाव, परीक्षा कार्यक्रम पर चर्चा हो चुकी है। हाइस्कूल में 19 इंटरमीडिएट में 38 प्रश्नपत्रों की परीक्षा होनी है। समय पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर मई आखिर तक परीक्षाफल घोषित करने का लक्ष्य है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार 10 जून तक परीक्षाफल घोषित करना जरूरी है।