गरुड़ (बागेश्वर)। हितैषी संस्था ने दो दिवसीय तृतीय किरसाण महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी है। महोत्सव 16 दिसंबर से शुरू होगा। महोत्सव में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले किरसाण को क्रमश: 35 हजार की भैंस 25 हजार की गाय 16 हजार का पॉलीहाउस दिया जाएगा।
हितैषी संस्था के अध्यक्ष रतन सिंह किरमोलिया ने बताया कि किरसाण महोत्सव के पहले दिन हितैषी विद्या निकेतन विद्यालय में किरसाण पहाड़ की खेती को बढ़ावा देने के संबंध में विचार-मिमर्श 17 दिसंबर को उनियाडाक से काश्तकार ध्वजाओं और गाजे-बाजे के साथ सांस्कृतिक जुलूस की शक्ल में राइंका बंतोली पहुंचेंगे।
वहां इतिहासविद् प्रोफेसर शेखर पाठक, डॉ. शमशेर सिंह बिष्ट, लक्ष्मी आश्रम की राधा बहन, राजीव लोचन शाह, सच्चिदानंद भारती काश्तकारों से बातचीत करेंगे।
संस्था के सचिव किसन राणा ने बताया कि आयोजन समिति के लोग महोत्सव को सफल बनाने के लिए पिंगलों, देवनाई, लाहुर घाटी, कौसानी आदि इलाकों में जाकर काश्तकारों से संपर्क कर रहे हैं।