रामनगर (नैनीताल)। आयुष मंत्रालय भारत सरकार की आईएमपीसीएल दवा फैक्ट्री मोहान वर्ष 1982 से जीवन रक्षक औषधियों का निर्माण एवं आपूर्ति कर रही है। यह फैक्ट्री निरंतर लाभ अर्जित कर रही है। इसके बाद भी भारत सरकार इसका विनिवेश करने जा रही है। इससे फैक्ट्री के कर्मचारी चिंतित हैं। इसके विरोध में आईएमपीसीएल कर्मचारी संघ के सदस्यों ने बागेश्वर जाकर केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। टम्टा ने कर्मचारी संघ को आश्वासन दिया कि वह इस विनिवेश प्रक्रिया को रुकवाने का भरपूर प्रयास करेंगे। संघ के अध्यक्ष शेर सिंह अधिकारी ने सल्ट के विधायक सुरेंद्र जीना को भी टेलीफोन पर समस्या बताई तो उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह 19 नवंबर को मोहान आकर कर्मचारी संघ से वार्ता करेंगे।