गरुड़ (बागेश्वर)। कुमाऊं के टैक्सी यूनियनों का महाधिवेशन पहली बार गरुड़ में आयोजित होगा। 12 अक्तूबर को प्रस्तावित अधिवेशन की तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। महाधिवेशन में मंडल स्तरीय कार्यकारिणी का गठन होगा। इस संबंध में बृहस्पतिवार को टैक्सी यूनियन गरुड़ के अध्यक्ष चंदन सिंह बरोलिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। बताया कि महाधिवेशन पर्यटक आवास गृह बैजनाथ में होगा।
कहा कि महाधिवेशन में सरकार की ओर से वाहन बीमा 50 फीसदी बढ़ाने, टैक्सी चालकों को वाहन लाइसेंस तीन साल बाद रिन्यू कराने के लिए वाहन प्रशिक्षण केंद्र हल्द्वानी से महंगे दामों पर प्रशिक्षण प्रमाण पत्र बनाने के लिए बाध्य कर रही है। कहा कि थर्ड पार्टी वाहनों का बीमा महंगे दामों में कराने की नीति का पुरजोर विरोध किया जाएगा। महाधिवेशन के आयोजन के लिए मुख्य सचेतक महेश बोरा को मनोनीत किया गया।
महाधिवेशन को सफल बनाने के लिए टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने रामनगर, अल्मोड़ा, रानीखेत, पिथौरागढ़, सोमेश्वर, चंपावत, नैनीताल, हल्द्वानी आदि टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। बैठक में हीरा सिंह, सुनील पांडे, नरेंद्र परिहार, राजू पांडे, कमल किशोर पंत, गणेश सिंह, बलवंत सिंह, कैलाश बोरा, पदम सिंह, आदि थे।