नैनीताल। मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी ऊर्वादत्त भट्ट के पहली बार नैनीताल पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का निराकरण होना जरूरी है। इसके लिए सीएम के निर्देश पर वह विभिन्न शहरों में जाकर जनसमस्याएं सुन रहे हैं। भट्ट ने बुधवार को विधायक कार्यालय में लोगों की 175 से अधिक समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए डीएम, अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं शासन स्तर से जुड़ी समस्याओं से संबंधित ज्ञापनों को वह अपने साथ देहरादून ले गए।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने नैनीताल की पार्किंग व यातायात से जुड़ी समस्याओं, नैनी झील में गिरने वाले नालों की सफाई, बलियानाले में हो रहे पानी के रिसाव को रोकने को सुरक्षात्मक उपाय करने तथा चरमराती सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की। जिला पंचायत सदस्यों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं सुधारने, शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की। उत्तराखंड देवभूमि क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय संयोजक केएल आर्य, सचिव राजेश कुमार व जिलाध्यक्ष भुवन राम ने गेहूं व चावल की सब्सिडी कार्डधारकों के खाते में डाले जाने के शासनादेश को जनहित में निरस्त करने की मांग की और ज्ञापन सौंपा। वहां विधायक संजीव आर्या, जिलाध्यक्ष मनोज साह, जिला महामंत्री दया किशन पोखरिया, नगर मंडल अध्यक्ष मनोज जोशी, पूर्व दर्जा मंत्री शांति मेहरा, किशन पांडे, भावना मेहरा, गोपाल सिंह आदि भाजपाई थे।
फोटो सहित 04एनटीएल 06पी से