खटीमा। हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव के लिए सुबह साढ़े नौ बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान शुरू होने से पहले ही बूथों पर लंबी-लंबी कतारें लग गई थी। छात्र-छात्राओं में मतदान के प्रति उत्साह का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि मतदान की समयावधि समाप्त होने तक दो बूथों पर सौ से अधिक मतदाना कतारबद्घ थे। जिसके लिए मतदान प्रक्रिया पौने तीन बजे समाप्त हो सकी। बुधवार को हुए छात्रसंघ चुनाव के लिए कुल 6400 में से 4064 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शाम चार बजे मतगणना प्रकिया शुरू हुई, जो रात आठ बजे तक चली। मतगणना पूरी होने के बाद प्राचार्य डा. प्रणिता नंद और चुनाव प्रभारी डा. केबी श्रीवास्तव ने चुनाव परिणामों की घोषणा की, जिसके साथ विजयी प्रत्याशियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मतदान से मतगणना पूरी होने तक तहसीलदार खीम सिंह बिष्ट और कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट अपनी टीम के साथ कालेज में डटे रहे। मतदान और मतगणना के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।