बाजपुर। गांव बन्नाखेड़ा से गांव केलाबंदवारी जाने वाले कच्चे मार्ग की हालत बेहद खस्ता है। ग्रामीण मार्ग निर्माण की समस्या को कई बार बहुउद्देशीय शिविर, तहसील दिवस, बीडीसी बैठक में प्रमुखता से रख चुके हैं। बावजूद इसके मार्ग निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बना है। गांव बन्नाखेड़ा में केलाबंदवारी मार्ग पर बीस परिवार निवास करते हैं। इसी मार्ग से लोग दूसरे गांवों को भी जाते हैं। मार्ग में कीचड़ और गड्ढे होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मार्ग निर्माण के लिए कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और अरविंद पांडेय गुहार लगाई, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। गांव निवासी खेम सिंह, जगीदश अमर सिंह, जीत सिंह ने कहा कि मार्ग निर्माण के लिए ग्रामीणों की बैठक कर जल्द ही आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।