नैनीताल। डीएसए औैर जिमखाना क्लब की ओर से करवाई जा रही 37वीं इंटर स्कूल जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता में रविवार को तीन मैच खेले गए। इसमें शहीद मेजर राजेश अधिकारी नैनीताल की रेड टीम, सैनिक स्कूल घोड़ाखाल और लेक इंटरनेशनल भीमताल की टीमों ने जीत दर्ज की।
डीएसए मैदान में खेले गए पहले मैच में जीआईसी नैनीताल की रेड टीम ने होली ऐंजिल्स स्कूल नैनीताल को 12-0 से हराया। विजेता टीम से विशाल और अमान ने तीन-तीन गोल दागे। दूसरे मैच में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ने सरस्वती शिशु मंदिर को 7-0 से हराया। विजेता टीम से सुधांशु खारी ने चार गोल किए। तीसरे मैच में लेक इंटरनेशनल भीमताल ने जीआईसी नैनीताल की ब्लू टीम को 2-0 से हराया। विनय चौधरी, बृजेश बिष्ट, भरतवीर, सुनील पटवाल और पवनदीप निर्णायक रहे। उद्घोषक मनोज कुमार थे। आयोजक सचिव दीपक भंडारी ने बताया कि सोमवार को चार मुकाबले दोपहर एक बजे से होंगे।