खटीमा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खटीमा में सात चिकित्सकों और स्टाफ की तैनाती के बाद नवनिर्मित 100 बैड के अस्पताल में स्थानांतरित होने की संभावनाएं बढ़ गईं हैं। जल्द ही तीन अन्य डॉक्टर भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है। नए अस्पताल का नाम उप जिला चिकित्सालय होगा।
दस करोड़ की लागत से बना 100 बैड का अस्पताल लंबे समय से लोकार्पण की बाट जोह रहा है। यहां सीएचसी को स्थानांतरित किया जाना है। शासन-प्रशासन ने कई बार वादे और दावे तो किए, लेकिन मजबूत पहल नहीं हुई। अब सीएचसी में स्टाफ की बढ़ोतरी से अस्पताल स्थानांतरित होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। अस्पताल में सात डॉक्टर तैनात हो चुके हैं, जिनमें चिकित्साधिकारी डॉ. अकील अहमद, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विनय प्रताप सिंह, रेडियोलाजिस्ट डॉ. केसी पंत, निश्चेतक डॉ. प्रकाश कुमार ठाकुर, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. काशिफ अहमद खान, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आईए खान की तैनाती हुई है, जबकि डा. सुनीता चुफाल यहां पहले से तैनात हैं। इनके अलावा एक स्टाफ नर्स, एक सिस्टर, एक एएनएम यहां आ चुकी हैं, दो फार्मेसिस्ट भी जल्द आने वाले हैं।
चिकित्साधीक्षक डॉ. सुनीता चुफाल ने बताया कि नवनिर्मित अस्पताल का नाम उप जिला चिकित्सालय होगा। चौकीदार, सफाई कर्मचारी सहित अन्य सहयोगी स्टाफ उपनल के माध्यम से रखा जाएगा। अस्पताल में सोलर स्टेंड पोस्ट लगाए जा रह है। बरसात थमते ही सफाई व्यवस्था कराई जाएगी। क्षेत्रीय विधायक पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि सर्जन, महिला रोग विशेषज्ञ, नेत्ररोग विशेषज्ञ और पैथोलाजिस्ट की तैनाती के लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। जल्द ही तैनाती हो जाएगी।