गरुड़ (बागेश्वर)। कौसानी-मछियाबगड मोटर मार्ग में आई दरारों से इस सड़क पर यातायात पिछले 12 दिनों से बंद है। सड़क बंद होने से भतेड़िया सहित एक दर्जन से अधिक गांवों का कौसानी से संपर्क कट गया है। आए दिन बारिश होने से सड़क में आई दरारें और बढ़ती जा रही हैं।
कौसानी भतेड़िया मोटर मार्ग पर सुमित होटल के पास 16 जुलाई को सड़क में 50 फीट में दरारें आने के साथ ही होटल सहित तीन और घरों में क्षति पहुंची थी। सड़क निर्माण एजेंसी पीएमजीएसवाई के अभियंताओं और गरुड़ के एसडीएम सुंदर सिंह तोमर ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद दरारों में बारिश के पानी भरने से रोकने के लिए क्षतिग्रस्त हिस्से को पॉलिथीन से ढक दिया था। लेकिन उसके बाद से अब तक सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया है। मोटर मार्ग पर यातायात बंद होने से भतेड़िया सहित एक दर्जन से अधिक गांवों का कौसानी से संपर्क कट गया है।