पंतनगर। पंतनगर विवि में सेवारत रहे शिक्षक और कर्मचारी राज्य सरकार द्वारा पेंशन सुविधा बंद किए जाने से परेशान हैं। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली की ओर से वित्त पोषित परियोजनाओं में कार्य कर चुके पंतनगर विवि के 173 शिक्षक और कर्मचारी राजकीय कोष से पेंशन सुविधा हासिल कर रहे थे।
- तीन महीने से बंद है पेंशन
यह कर्मी 30-35 साल तक विवि को अपनी सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए थे। इनमें से अधिकांश पिछले पांच से 15 साल तक अन्य कर्मियों की तरह पेंशन हासिल करते रहे हैं। लेकिन इसी अप्रैल 2017 से राज्य सरकार ने इन शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलने वाली पेंशन सुविधा बंद कर दी है।
कर्मियों ने आईजीएच भवन में बैठक कर कहा कि यदि पेंशन जारी नहीं हुई, तो वे वैधानिक कार्रवाई करेंगे। वहां डॉ. बल्देव राज, बीसी सैनी, एमपी मिश्रा, आरए गुप्ता, बीजी यादव आदि थे। उधर कुलपति डॉ. जे कुमार ने बताया कि पेंशन प्रकरण का निस्तारण कराने के लिए शासन स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।