चकरपुर। बिचपुरी, नौगवांनाथ और महतगांव तिराहे पर चल रही देशी और अंग्रेजी शराब की दुकान के प्रति आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। धरना स्थल पर पहुंचे विधायक पुष्कर सिंह धामी ने जनआंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि आबादी के बीच के तिराहे पर शराब की दुकान के लिए सही स्थान नहीं है। विधायक धामी ने अनुज्ञापी को दुकान अन्यत्र खोलने को कहा।
मौके पर पहुंचे एसडीएम विजयनाथ शुक्ल ने कहा कि विधायक धामी का सुझाव जनहित में है। उन्होंने कहा कि इस तिराहे पर हमेशा माहौल खराब रहेगा। इधर, न्यायालय के आदेश के बाद सौ मीटर दूरी पर ग्रामीण महिलाओं का धरना जारी है। महिलाएं दुकान के अन्यत्र शिफ्ट हुए बिना धरना समाप्त नहीं करने की घोषणा कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी के वह किसी भी हालत में आबादी के बीच दुकान नहीं चलने देंगे।