वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन बैंकों और ट्रेजरी में भुगतान किया गया। बैंकों में लगभग 150 करोड़ रुपये की क्लीयरिंग हुई जबकि ट्रेजरी से 22 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। ट्रेजरी से उच्च शिक्षा विभाग को सबसे अधिक छह करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। बैंकों में अधिकारी देर रात तक आय-व्यय का ब्योरा जोड़ने में लगे रहे।
बृहस्पतिवार वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन था। सुबह से ही बैंकों में क्लीयरिंग शुरू हो गई थी। बैंकों में आज पब्लिक डीलिंग नहीं हुई। जिले में नैनीताल, हल्द्वानी और रामनगर में स्टेट बैंक आफ इंडिया में क्लीयरिंग हाउस लगता है। दो सामान्य क्लीयरिंग हाउस के बाद शाम को लगभग छह बजे एक विशेष क्लीयरिंग हाउस सरकार के लिए लगाया गया।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंकों में देर रात तक लगभग 150 करोड़ रुपये की क्लीयरिंग हुई। बृहस्पतिवार की रात 12 बजे तक सरकारी चेकों की क्लीयरिंग होगी, क्योंकि आज क्लीयरिंग न होने पर शुक्रवार से बजट लैप्स हो जाएगा।
दूसरी ओर ट्रेजरी आफिसर हल्द्वानी पीसी जोशी ने बताया कि 22 करोड़ रुपये का भुगतान विभिन्न सरकारी विभागों को किया गया। जिसमें सबसे अधिक भुगतान उच्च शिक्षा विभाग को छह करोड़ से अधिक का हुआ। उन्होंने बताया कि भुगतान रात्रि 12 बजे तक किया जाएगा। जोशी ने बताया कि नेट में तकनीकी दिक्कत आने के कारण विभाग वार भुगतान का ब्योरा नहीं निकाला जा सका।