नैनीताल। जिला पंचायत सीटों के नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ माहौल गरमा गया है। दो दिन में नामांकन पत्र बिकते ही एक-एक सीट पर तीन-तीन दावेदार सामने आ गए हैं। पांच जुलाई पर्चा खरीदने की अंतिम तिथि है, ऐसे में प्रत्येक सीट पर और दावेदार बढ़ने तय हैं।
जिले में 3749 पंचायत सदस्यों, 475 ग्राम प्रधानों, 263 बीडीसी सदस्य और 27 जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 24 व 28 जुलाई को मतदान होगा। जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 4,28,923 है। इससे पहले नामांकन पत्रों की बिक्री और नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। पांच जुलाई को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन है।
जिला पंचायत सदस्य के लिए पहले दिन 39 और दूसरे दिन बुधवार को 103 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। जिला पंचायत के रिटर्निंग अफसर डॉ. धीरेश जोशी ने बताया कि दो दिन में 142 नामांकन पत्रों की ब्रिकी हुई है। फिलहालबुधवार को किसी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है।