हल्द्वानी। शनि बाजार का नाला चोक होने पर गौजाजॉली क्षेत्र के दर्जनों घरों में गंदा पानी घुस गया। मामले की शिकायत डीएम तक पहुंची तब नगर निगम की टीम हरकत में आई। सहायक नगर आयुक्त के साथ पहुंची टीम ने नाले पर बने पुलिया को तुड़वाकर सफाई कराई। चर्चा है कि जिला प्रशासन के पास एक कैबिनेट मंत्री का फोन पहुंचा था, जिसके बाद सरकारी तंत्र सक्रिय हुआ।
रविवार सुबह शहर में हुई बारिश से इंदिरा नगर के नाले से आया कचरा शनि बाजार के नाले में कई जगह फंस गया। कूड़ा फंसने से जगह-जगह नाला चोक हो गया। प्रभारी सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान ने जेसीबी की मदद से नाले की सफाई कराई। साथ ही नाले के ऊपर बने पटालों को हैमर और जेसीबी की मदद से भी तुड़वाया। इस दौरान सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, सुनील आदि मौजूद रहे।
डीएम के आदेशों को भी हवा में उड़ा गए अधिकारी
डीएम/नगर निगम प्रशासक विनोद कुमार सुमन ने पांच दिन पूर्व बैठक में नगर निगम के अधिकारियों को शनिबाजार नाले की सफाई के लिए दो कर्मचारियों को बारिश के समय में ड्यूटी लगाने का निर्देश था, जिससे अगर नाला चोक हो तो तत्काल सफाई कराई जा सके। लेकिन नगर निगम प्रबंधन ने कर्मचारियों को ड्यूटी लगाने की बात दूर की है, नाले की सफाई तक नहीं कराई।