हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी और बीकॉम के प्रथम, तृतीय सेमेस्टर परीक्षा के रिजल्ट आने के बाद आजकल द्वितीय, चतुर्थ सेमेस्टर में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन बड़ी संख्या में अंकतालिकाओं में खामियों के चलते दाखिले नहीं किए जा रहे हैं। कुविवि ने भी सेमेस्टर परीक्षा के नियमों में परिवर्तन कर दिया है। प्रथम सेमेस्टर में पास न होने वाले छात्रों को चतुर्थ सेमेस्टर में दाखिला नहीं देने के निर्देश जारी कर दिए हैं जबकि विद्यार्थियों का कहना है कि प्रथम सेमेस्टर की सुधार परीक्षा के परिणाम अभी तक नहीं आए है। परेशान छात्रों ने बुधवार को भी प्रभारी प्राचार्य डॉ. लीला तिवारी से दाखिला देने की मांग की। बाद में प्राचार्य ने 50 से अधिक छात्र-छात्राओं के दाखिले से प्रकरण के आवेदन पत्र विश्वविद्यालय भिजवा दिए। प्राचार्य ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा सेमेस्टर प्रणाली के ऑर्डिनेंस में संशोधन किया गया है। परीक्षा परिणाम भी उसी के अनुरूप घोषित हुआ है जिसकी वजह से यह स्थिति पैदा हुई है।