भीमताल (नैनीताल)। मेहरागांव के ग्रामवासियों ने मंगलवार को जलसंस्थान के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने होटल के लिए पाइपलाइन लगाने आए मजदूरों को खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने जल संस्थान के अभियंताओं पर होटल संचालक को नियम विरुद्ध कनेक्शन देने का आरोप लगाया।
मेहरागांव तक पानी पहुंचाने के लिए जलसंस्थान ने निशौला में पंप हाउस बनाया है। जहां से एक होटल संचालक को अप्रैल में अवैध रूप से कनेक्शन दिया जा रहा है। इसके लिए मंगलवार सुबह गांव पहुंचे मजदूरों ने आरएफसी गोदाम के पास पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया जबकि 15 जून तक नए कनेक्शन देने पर रोक है। इसके बावजूद पाइप लाइन खोदने का पता चलते ही ग्रामीण भड़क उठे। पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख दीपू मेहरा ने जलसंस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि खुटानी के जिस होटल को गलत तरीके से कनेक्शन देने की तैयारी की जा रही है, उस होटल परिसर में पहले से ही निजी बोरिंग हुई है। इसके बावजूद होटल संचालक गांव के पंप से कनेक्शन लेने की तैयारी कर रहा है। ग्रामीणों ने गांव की लाइन से पानी का कनेक्शन देने पर पाइप लाइन उखाड़ने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का गुस्सा देखते हुए मजदूर मौके से चले गए। इस दौरान भावना मेहरा, भूपाल सिंह क्वीरा, उत्तम मेहरा, महिपाल सिंह, तन्नू मेहरा, कंचन धरियाल, खीम सिंह क्वीरा, तारा भट्ट, तिलक शर्मा, राजू ऐरी, विक्की रावत, जस्सी क्वीरा, अनिल कार्की आदि थे।
होटल के लिए पाइपलाइन लगाने आए मजदूरों को खदेड़ा
मेहरागांव के ग्रामीणों ने जलसंस्थान पर गांव के पंप से होटल संचालक को गलत कनेक्शन देने का आरोप लगाया
यहां है पेयजल संकट
जूनस्टेट, सोनगांव, भरतपुर, भग्त्यूड़ा, गांजा ज्योलीकोट, घोड़ाखाल, बल्दियाखान, शशबनी, एडीधार, पलड़ा, गुनियालेख, रुद्रसानी, सूनी, तल्ली गड़गड़ी, डालकन्या, पतलोट, नाई, चकदलाड़, टीकरकांता, बजेड़ी, बसगांव, बिनकोट, धारी, दुतकानेधार, सतबुंगा, मल्ला रामगढ़ आदि।