16 सितंबर से बंद आपात चिकित्सा सेवा 108 शुक्रवार से फिर से शुरू हो सकेगी।
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी। बकाया भुगतान को लेकर स्वास्थ्य विभाग और जीवीके इमरजेंसी मैनेजमेंट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के बीच बकाया भुगतान को लेकर चल रही खींचतान मरीजों पर भारी पड़ रही है। बकाया भुगतान को लेकर 108 एंबुलेंस और खुशियों की सवारी के पहिए थमे हैं। इलाज न मिलने के कारण मरीज दम तोड़ रहे हैं।
शासन में बकाया भुगतान को लेकर बुधवार को बैठक हुई थी। 3.72 करोड़ रुपये जारी करने की बात सामने आई है। बकाया भुगतान का जीओ तो हो गया है लेकिन फाइल पर स्वास्थ्य महानिदेशक के हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टीसी पंत दो दिवसीय कुमाऊं दौरे पर हैं। शनिवार एवं रविवार को अवकाश होगा। ऐसे में सोमवार को प्रक्रिया पूरी होने पर मंगलवार तक इंस्टीट्यूट के खाते में राशि जाने की संभावना हैं। इसके बावजूद सीएमओ को यह आदेश दिए गए हैं कि पेट्रोल पंप स्वामियों से समन्वय स्थापित कर अगले सप्ताह तक डीजल की निर्बाध आपूर्ति कराएं।
3.72 करोड़ का जीओ हुआ जारी, मगर स्वास्थ्य महानिदेशक के नहीं हो सके हस्ताक्षर
दो दिवसीय कुमाऊं दौरे पर डीजी हेल्थ, मंगलवार तक राशि खाते में जाएगी
सीएमओ को जारी किए गए हैं एक सप्ताह तक पेट्रोल पंपों से निर्बाध डीजल आपूर्ति कराने के आदेश
बजट जारी कर दिया गया है। 108 एंबुलेंस इमरजेंसी सेवा है। उसका संचालन इंस्टीट्यूट अपने स्तर से भी कर सकता है। कुछ जिम्मेदारी शासन की भी है।
- डॉ. टीसी पंत
स्वास्थ्य महानिदेशक
बजट जारी हो गया है और जल्द ही इंस्टीट्यूट के खाते में आ जाएगा। 108 एंबुलेंस, खुशियों की सवारी शुक्रवार से चलने लगेंगी।
- मनीष टिक्कू
राज्य प्रमुख, जीवीके
बजट का जीओ करने के साथ ही ऑनलाइन भुगतान के आदेश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य महानिदेशक अगर कुमाऊं दौरे पर हैं तो उनके प्रभारी के तौर पर जो भी मौजूद होगा, उससे हर हाल में शुक्रवार को बजट जारी कराया जाएगा। शुक्रवार शाम तक उक्त राशि इंस्टीट्यूट के खाते में पहुुंच जाएगी।
- अरुणेंद्र चौहान
अपर सचिव, स्वास्थ्य