हल्द्वानी। बढ़ते हुए लोड को देखते हुए ऊर्जा निगम ने अगले वर्ष गर्मियों में समस्या से निपटने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। कठघरिया के 33/11 केवी उपकेंद्र में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है।
कठघरिया के 33/11केवी उपकेंद्र में आठ एमवीए के दो ट्रांसफार्मर हैं। इनको बढ़ाकर दस एमवीए करने का प्रस्ताव भेजा गया था। 35 लाख रुपये से उक्त कार्य को करने की स्वीकृति मुख्यालय से मिल गई है जबकि कमलुवागांजा के 33/11केवी उपकेंद्र में लगे दस एमवीए के दो ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर 25 एमवीए (12.5 एमवीए के दो) लगाने का प्रस्ताव मुख्यालय गया है। इसमें करीब 54 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके भी शीघ्र स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। ईई ग्रामीण अमित आनंद ने बताया कि लामाचौड़, मुखानी, गोरापड़ाव में 33/11केवी उपकेंद्र बनाए जाएंगे। एक उपकेंद्र पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका प्रस्ताव भी भेजा गया है। एक उपकेंद्र के लिए दो बीघे जमीन की जरूरत पड़ेगी। जमीन के एिल विज्ञापन जारी किया गया है। बताया कि क्षमता वृद्धि, उपकेंद्र बनने के लोवोल्टेज की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। एक उपकेंद्र में कोई गड़बड़ी आने पर बहुत ज्यादा क्षेत्र प्रभावित नहीं होगा।
33/11 केवी उपकेंद्र कठघरिया में ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि पर 35 लाख खर्च होंगे
कमलुवागांजा के 33/11 केवी उपकेंद्र की वृद्धि के लिए 54 लाख का प्रस्ताव भी मुख्यालय भेजा
लामाचौड़, मुखानी, गोरापड़ाव में 33/11केवी उपकेंद्र बनाने के लिए जमीन की तलाश